अनुत्तरित प्रश्न

मैं भारत का नागरिक
शत-प्रतिशत हिन्दुस्तानी
हिन्दी का प्रबल समर्थक
अपने बच्चों को
अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में
पढ़ाता हूँ
उन्हें अंग्रेजी बोल-चाल के
तौर-तरीके सिखाता हूँ.
लेकिन मेरा बेटा
लगता है
समय से पहले ही कुछ
अधिक समझदार हो गया है
अजीब-अजीब से
बहके-बहके प्रश्न करता है
भारत और इंडिया में
अंतर बताने की ज़िद करता है.

भारतीय नेता और अधिकारियों का
अंग्रेजी से संबंध बताने की ज़िद
करता है.

बी यू टी बट
और
पी यू टी पुट का रहस्य
जानने की ज़िद करता है.

ऐसे अवसरों पर
मेरी पत्नी अक्सर
सचेत हो जाती है
मुझे खामोश पा
उसे ‘निरर्थक-बहस’ कह
चुप कराती है.
आप ही बताईये
मैं उससे कैसे कहूँ कि
बेटा ये जो पीढ़ी है
वह ‘इंडिया’ की पैदाइश है
अंग्रेजी से इसका
‘रक्त संबंध’ है.

और ये जो ‘भारत’ है
जब तक ‘इंडिया’ रहेगा
अंग्रेजी की बेड़ियों में
इसी तरह जकड़ा रहेगा.

Leave a Reply

You must be logged in to post a comment.